गांव समाज की जमीन पर कब्जे के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
नायब तहसीलदार बोले- दोबारा कब्जा किया तो होगी विधिक कार्रवाई
शहाबगंज (चंदौली)।
थाना क्षेत्र के केरायगांव में शनिवार को प्रशासन ने गांव समाज की बंजर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाकर अतिक्रमण हटवा दिया। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी सफीउल्ला द्वारा गांव समाज की बंजर भूमि पर निर्माण कराया जा रहा था। राजस्व विभाग की ओर से कई बार हल्का लेखपाल द्वारा निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दी गई, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। मामले की जानकारी उप जिलाधिकारी को दी गई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उप जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी राजस्व टीम एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी ने कहा कि गांव समाज की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से गांव समाज की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना रहा।
इस दौरान लेखपाल पंकज सिंह सहित राजस्व कर्मी एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।




