अवैध खनन रोकने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने घेरा, मुख्य आरोपी समेत कई फरार
चंदौली
जनपद के चकिया क्षेत्र स्थित चन्द्रप्रभा रेंजरी वन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस और वन विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार को ग्राम अलीपुर भांगड़ा में उस समय हुई जब वन विभाग और पुलिस की टीम अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी और ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर लौट रही थी। मामले में मुख्य आरोपी सहित कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

रेंजर चकिया अखिलेश दुबे तथा थानाध्यक्ष चकिया अर्जुन सिंह अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर चन्द्रप्रभा रेंजरी वन क्षेत्र पहुंचे थे। जांच के दौरान मौके पर बिना अनुमति के अवैध खनन करते हुए एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर पाए गए। संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीनों और वाहनों को कब्जे में ले लिया।
बताया गया कि जब पुलिस और वन विभाग की टीम जब्त वाहनों को लेकर लौट रही थी, तभी गायघाट निवासी महेन्द्र राव, उसके भाई विजेन्द्र राव तथा अन्य ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर टीम को घेर लिया। आरोप है कि करीब 80 से 100 लोगों की भीड़ ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, रास्ते पर पत्थर रखकर चक्का जाम कर दिया तथा आने-जाने वाले लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल को भी सतर्क किया गया।
हिस्ट्रीशीटर समेत कई आरोपियों पर दर्ज होगा मुकदमा, गांव छोड़कर फरार
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल चिन्हित आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हमला, अवैध खनन तथा अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मुख्य आरोपी महेन्द्र राव के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और अवैध खनन सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है।

इसके अलावा रामाश्रय और विजेन्द्र राव के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, बलवा और सीएलए एक्ट जैसी धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद अधिकांश आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
वन विभाग और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कार्रवाई पर बोले महेंद्र राव
महेंद्र राव प्रकरण में सीओ चकिया का वक्तव्य




