छोटे कुलावे लगाए जाने से नाराज किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
इलिया/चंदौली।
बेन रजवाहा अंतर्गत आदर्श नहर निर्माण कार्य को लेकर रविवार को किसानों का आक्रोश सामने आया। किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने बटौवा फाल पर पहुंचकर सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। किसानों का आरोप था कि विभाग द्वारा किसानों की जरूरतों की अनदेखी करते हुए छोटे कुलावे लगाए जा रहे हैं, जिससे धान और गेहूं की सिंचाई प्रभावित होगी। कार्य रोकने के बाद भुड़कुड़ा-मझूईं गांव में किसान गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं। किसानों ने बताया कि धान की खेती का समय निकट है और ऐसे में पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था नहीं होने से खेती पर संकट गहरा सकता है।

किसान विकास मंच के वक्ता अशोक कुमार सिंह ने कहा कि नहर से लगभग दो सौ एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई होती है। यहां से करीब ढाई किलोमीटर दूर तक पानी पहुंचाना पड़ता है, जिससे जंगलपुर, भुड़कुड़ा और मझूईं गांवों के खेतों की सिंचाई की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले किसानों द्वारा एक फीट के कुलावे लगाए गए थे, लेकिन सिंचाई विभाग उन्हें हटवाकर मात्र छह इंच के कुलावे लगा रहा है। जंगलपुर फाल के पूरब दिशा में सिर्फ दो छोटे कुलावे लगाए गए हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि यदि दो की जगह कम से कम चार कुलावे नहीं लगाए गए तो किसानों को समय पर पानी नहीं मिल पाएगा और धान-गेहूं की फसल प्रभावित होगी।
किसान विकास मंच के नेता ओमप्रकाश सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बटौवा फाल पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाते हुए कहा कि जब तक यहां एक अतिरिक्त कुलावा नहीं लगाया जाएगा, तब तक कार्य दोबारा शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विभाग से किसानों की मांगों को गंभीरता से लेने की अपील की।संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक खेती की जरूरतों के अनुसार सिंचाई व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में समय-समय पर संशोधन होते रहे हैं, उसी प्रकार सिंचाई विभाग को भी पुराने नक्शों और योजनाओं में बदलाव कर वर्तमान जरूरतों के अनुसार कुलावों की संख्या बढ़ानी चाहिए। यदि पुराने समय की व्यवस्था लागू रही तो किसानों को समय पर पानी नहीं मिलेगा और खेती प्रभावित होगी।
इस दौरान किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए “किसान विकास मंच जिंदाबाद” तथा “हम अपना अधिकार मांगते, नहीं किसी से भीख मांगते” जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम में राम अवध सिंह, बंसलोचन सिंह, कृष्णानंद सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सुरेश मौर्य, रमेश गुप्ता, राहुल कुमार सिंह, कुलदीप वर्मा, संजय गुप्ता, श्रीनिवास, जितेंद्र मौर्य, श्यामलाल मौर्य, डॉ. फूलचंद, रवि भास्कर, चंद्रभान, दयाराम, कमला मौर्य, शमशेर बहादुर, लकड़ू पांडेय, मिथिलेश, महेंद्र सिंह, राम आशीष मौर्य, हर्ष मौर्य, डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, अनिल कुमार सिंह, राम अवध मौर्य, अजय कुमार, अजीत सिंह, इंद्रदेव मौर्य, सुदर्शन मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद सिंह तथा संचालन कृष्णानंद सिंह ने किया।
सिंचाई विभाग पर सवाल उठाते किसान मंच के कार्यकर्ता




