मंत्री, सांसद व विधायकों की मौजूदगी में मिला सम्मान, शिक्षकों में खुशी
चंदौली।
अनुदेशक शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के वाराणसी मंडल अध्यक्ष विकास यादव को आयोजित अनुदेशक सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यसभा सांसद साधना सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, पंडित दीनदयाल नगर विधायक रमेश जायसवाल तथा चकिया विधायक कैलाश आचार्य सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। समारोह में शिक्षा क्षेत्र में कार्य कर रहे अनुदेशकों एवं शिक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में जैसे ही विकास यादव का नाम सम्मान के लिए पुकारा गया उपस्थित अनुदेशकों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
मंच पर मौजूद अतिथियों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अनुदेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को शिक्षित करने में उनका योगदान सराहनीय है। सम्मान प्राप्त करने के बाद विकास यादव ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे अनुदेशक समाज के संघर्ष, मेहनत और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अनुदेशक लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और सरकार से उनके हितों को लेकर सकारात्मक पहल की उम्मीद है। उन्होंने समारोह में मौजूद सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विकास यादव ने कहा कि अनुदेशक शिक्षक संघ लगातार शिक्षकों एवं अनुदेशकों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। संगठन शिक्षकों के सम्मान, मानदेय और अधिकारों को लेकर निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संगठन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अनुदेशकों की आवाज बुलंद करने के लिए कार्य करता रहेगा।
समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, अनुदेशक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, संगठन की मजबूती और शिक्षकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। सम्मान समारोह के बाद उपस्थित लोगों ने विकास यादव को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




