चंदौली पुलिस और स्वाट टीम की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, चार गिरफ्तार
चंदौली। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाईवे पर राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में थाना चंदौली पुलिस एवं स्वाट/एसओजी टीम द्वारा यह संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरोह हाईवे और सुनसान इलाकों में राहगीरों को फंसाकर लूटपाट करता था। गिरोह के सदस्य कभी महिला का भेष धारण कर वाहन चालकों से मदद मांगते थे तो कभी रास्ता पूछने या गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर वाहन रुकवाते थे। वाहन रुकते ही चालक के साथ मारपीट कर नगदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
42 हजार की लूट के बाद सक्रिय हुई पुलिस
मामले की शुरुआत 17 मई 2026 को हुई, जब अमेठी जनपद निवासी ज्ञानेंद्र तिवारी ने थाना चंदौली में शिकायत दर्ज कराई कि वह वाराणसी से बिहार जा रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर नहर के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर उनके साथ मारपीट की और 42 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना के बाद थाना चंदौली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना पुलिस, स्वाट और एसओजी टीम को सक्रिय किया। सोमवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि लूटपाट करने वाला गिरोह भगवान तालाब के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
पुलिस टीम जैसे ही संदिग्धों के करीब पहुंची, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उपेंद्र यादव निवासी मोहनिया, बिहार के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
मौके से पुलिस ने कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में उपेंद्र यादव, मंजय कुमार निवासी दुधारी थाना सैयदराजा, बहादुर ठठेरा निवासी लोहिया नगर थाना सैयदराजा तथा मुस्तफा निवासी आजाद नगर थाना सैयदराजा शामिल हैं।
अवैध असलहा और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और 2045 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अभियुक्तों ने हाईवे पर कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
घायल बदमाश पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त उपेंद्र यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, छिनैती, आर्म्स एक्ट और रेलवे एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
लगातार बदलते थे ठिकाना
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि लूट की घटनाओं के बाद वे लगातार अपना ठिकाना बदलते रहते थे ताकि पुलिस उन्हें पकड़ न सके। गिरोह का मुख्य निशाना हाईवे से गुजरने वाले अकेले वाहन चालक और राहगीर होते थे।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना चंदौली पुलिस के साथ स्वाट/एसओजी टीम की अहम भूमिका रही। घटना के बाद हाईवे पर पुलिस गश्त और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
उपरोक्त के संबंध में सीओ का वक्तव्य




