ओवरलोड वाहनों व अवैध गतिविधियों पर होगी सख्ती
शहाबगंज, चंदौली। शहाबगंज थाना के नवागत थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप ने शुक्रवार को थाने पर पत्रकारों से औपचारिक बातचीत कर अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ओवरलोड वाहनों, अवैध खनन, चोरी तथा अवैध शराब के कारोबार पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
थानाध्यक्ष ने कहा कि भारतमाला परियोजना से जुड़े मार्गों पर मिट्टी लदे ओवरलोड हाईवा वाहनों के संचालन और तेज रफ्तार पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और चोरी की घटनाओं पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इसके साथ ही शराब भट्टियों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने वालों पर भी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कृपेन्द्र प्रताप ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को दिन-रात नियमित गश्त एवं चक्रमण के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाने को देने की अपील की।
नवागत थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध मुक्त एवं सुरक्षित वातावरण बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।




