कूटरचित आधार कार्ड और मोबाइल बरामद, कई राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें
चन्दौली। जनपद की साइबर क्राइम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने साइबर ठगी के मामले में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन तथा दो कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुगलसराय-सकलडीहा स्टैंड के पास से सतीश राय और शेखर कुशवाहा को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध थाना साइबर क्राइम में दर्ज मुकदमा संख्या 14/26 के तहत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सत्कार निधि लिमिटेड कंपनी की आड़ में लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी करते थे। ठगी से प्राप्त धनराशि कंपनी और अन्य खातों में मंगवाकर बाद में उसे निकालकर आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि गिरोह के अन्य सदस्य भी इस अपराध में शामिल हैं तथा उनके बैंक खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने और अपनी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए दोनों आरोपियों ने अपने फोटो लगे कूटरचित आधार कार्ड बनवा रखे थे, जिनमें नाम और पते गलत दर्ज थे। पुलिस ने ऐसे दो फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में झांसी निवासी सतीश राय तथा अलीनगर क्षेत्र के भोगवार निवासी शेखर कुशवाहा शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के झांसे में आकर निवेश, ऋण या अन्य वित्तीय लाभ के नाम पर धनराशि जमा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर थाने से संपर्क करें।
पुलिस टीम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल, उपनिरीक्षक मिर्जा रिजवान बेग, कांस्टेबल मनोज चौहान एवं कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।




