चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को तेज करेगी पुलिस
चंदौली एक्सप्रेस | चन्दौली वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कार्यालय ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या, गैंगस्टर, गोवध, डकैती, जालसाजी समेत विभिन्न गंभीर मामलों में वांछित 36 अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जारी सूची में चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर जनपद के 12-12 अपराधी शामिल हैं।

डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, इन अपराधियों की लंबे समय से गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में इनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आमजन से सूचना प्राप्त करने के उद्देश्य से इनामी राशि घोषित की गई है। सूची में गैंगस्टर एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, गोवध निवारण अधिनियम, जालसाजी और अन्य संगीन अपराधों में वांछित आरोपी शामिल हैं।

चंदौली जनपद से शामिल 12 अपराधियों में गैंगस्टर, हत्या, गोवध और अन्य गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं, जबकि गाजीपुर और जौनपुर के भी कई कुख्यात अपराधियों को सूची में जगह दी गई है। पुलिस का मानना है कि इनाम घोषित होने से आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी और आमजन भी पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध करा सकेंगे।

प्रेस नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में 16 फरवरी 2026 को वाराणसी परिक्षेत्र स्तर से गोतस्करी के मामलों में 54 अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिनमें से अधिकांश अपराधी गिरफ्तार हो चुके हैं या न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
पुलिस ने अपील की है कि इन वांछित, फरार अथवा इनामी अपराधियों के संबंध में किसी भी प्रकार की गोपनीय सूचना नजदीकी पुलिस अधिकारी, पुलिस सतर्क मित्र या WhatsApp Bot 7839860411 पर उपलब्ध कराई जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
चंदौली जनपद से जिन 12 अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें गैंगस्टर, हत्या, गोवध और फरारी के मामलों में वांछित आरोपी प्रमुख रूप से शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।




