युवाओं ने दिखाए करतब ,शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ मुहर्रम, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
शहाबगंज, चंदौली। मुहर्रम की दसवीं तारीख पर शुक्रवार को क्षेत्र में अकीदत और एहतराम के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। विभिन्न इमाम चौकों से निकले ताजिए अपने-अपने कदीमी रास्तों से होते हुए एकौना स्थित कर्बला मैदान पहुंचे, जहां धार्मिक रीति-रिवाज के साथ ताजियों को ठंडा किया गया। पूरे क्षेत्र में “या हुसैन, या मौला” की सदाएं गूंजती रहीं और माहौल पूरी तरह गमगीन लेकिन अनुशासित बना रहा।

क्षेत्र के शहाबगंज, बड़गांवां, एकौना, अमरसीपुर, नई बस्ती, ठेकहां, किड़िहिरा, मुरकौल, पखनपुरा, जमोखर, भोड़सर, सेमरा, पड़रिया,बसाढी, इलिया,खरौझा,सहित कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए। ताजिया जुलूस कस्बा बाजार से होकर गुजरा, जहां लोगों ने जगह-जगह खड़े होकर ताजियों का दीदार किया। देर शाम तक कर्बला मैदान में ताजिया ठंडा करने का सिलसिला चलता रहा।

मुहर्रम के मौके पर विभिन्न अंजुमनों और अखाड़ों के युवाओं ने पारंपरिक कला का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। युवाओं द्वारा लाठी, चक्र और अन्य पारंपरिक युद्ध कलाओं के करतब दिखाए गए, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। कलाकारों के हैरतअंगेज प्रदर्शन पर लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।
वहीं, पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
मुहर्रम का यह पर्व भाईचारे, अनुशासन और आपसी सौहार्द के माहौल में सम्पन्न हुआ। पूरे दिन क्षेत्र में धार्मिक आस्था और परंपरा की अनूठी छटा देखने को मिली।




