तीन घायल; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शहाबगंज। थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव के तकिया में मोहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान शुक्रवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जाता है कि गुरुवार देर शाम ताजिया घुमाने के दौरान गली में लटक रहे बिजली के तार को हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन पुरानी रंजिश शुक्रवार को फिर उभर आई।
शुक्रवार को जब ताजिया को कब्रगाह ले जाया जा रहा था, तभी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुलूस में शामिल लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मारपीट में एक पक्ष के सरवर आलम (25) और हीरावन (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया और पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।




