शादी के डेढ़ माह बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शहाबगंज,चंदौली।
थाना क्षेत्र के भोड़सर गांव में सोमवार की देर रात एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार भोड़सर गांव निवासी अजीत यादव पुत्र केशव यादव की शादी बीते 7 मई को बबूरी थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी सुजित यादव की 20 वर्षीय पुत्री संजना के साथ हुई थी। शादी के बाद से संजना अपने ससुराल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात पति-पत्नी ने घर की छत पर एक साथ खाना खाया। इसके बाद करीब 12 बजे संजना नीचे अपने कमरे में चली गई।
परिजनों के मुताबिक करीब दो घंटे बाद जब पति अजीत नीचे कमरे में पहुंचा तो उसने पत्नी को फांसी के फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर शहाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मृतका के पिता सुजित यादव ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शहाबगंज थाने में तहरीर दी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




