2027 में फिर से मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प : राधा यादव
चंदौली।
380 विधानसभा मुगलसराय क्षेत्र के नई बस्ती अलीनगर में बुधवार 1 जुलाई को समाजवादी पार्टी की नेत्री राधा यादव के नेतृत्व में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन आदिवासी समाज के बीच सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी बस्ती में पहुंचकर केक काटा गया तथा लोगों ने अखिलेश यादव के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में उन्हें पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी लिया गया।

इस अवसर पर सपा नेत्री राधा यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, शोषितों, वंचितों और आदिवासी समाज के हक की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में प्रदेश के हर वर्ग के विकास के लिए काम किया। युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान, महिलाओं को सुरक्षा और गरीबों को सुविधाएं देने का कार्य समाजवादी सरकार में हुआ था।

राधा यादव ने कहा कि आज प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आम जनता परेशान है। ऐसे समय में समाजवादी पार्टी ही लोगों की उम्मीद बनी हुई है। उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाकर अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लें, ताकि प्रदेश में विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की महिलाओं और बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारे भी लगाए।
इस मौके पर गुड्डू यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य, जिला सचिव अरविंद यादव, समाजवादी सैनिक सभा के नेता एवं अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज की महिलाएं एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।




