केक काटकर मनाया गया उत्सव
शहाबगंज,चंदौली।
शहाबगंज क्षेत्र के एकौना गांव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीडीए के महानायक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री का जन्मदिन बड़े ही उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर खुशी जाहिर की तथा कंपोजिट विद्यालय शहाबगंज एवं कब्रिस्तान परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव महमूद आलम ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में प्रदेश को विकास की नई दिशा देने का काम किया। समाजवादी सरकार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, लैपटॉप योजना, समाजवादी पेंशन एवं युवाओं के लिए रोजगार जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की जनता को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश की जनता अखिलेश यादव की नीतियों और विकास कार्यों को याद कर रही है।
महमूद आलम ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा सामाजिक न्याय, भाईचारा और सर्वसमाज के सम्मान की राजनीति पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और पीडीए की ताकत को मजबूत करने का काम करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी ही प्रदेश को नई दिशा दे सकती है। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मेहनत करने तथा अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे और समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महमूद आलम ने वृक्षारोपण के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। पर्यावरण संरक्षण के बिना स्वस्थ समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए जन्मदिन जैसे अवसरों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेन्द्र चौहान, पूर्व राष्ट्रीय सचिव लोहिया वाहिनी अनिल कुमार मिश्रा ‘गुड्डू’, इंजीनियर ज्ञान प्रकाश यादव, बूथ प्रभारी शमीम अहमद, बूथ प्रभारी अरारी अबूब हवारी, बूथ प्रभारी एकौना रफीउल्लाह अंसारी, चरवाहा जिलाध्यक्ष रामप्रवेश यादव, बूथ प्रभारी एवं सेक्टर प्रभारी भूसी विनोद यादव, अखिलेश मौर्य, असजद अहमद, इनायत अली, पिंटू, अहमद डॉक्टर, सरवर, शमीम अहमद अंसारी सहित तमाम समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।




