शहाबगंज (चंदौली)।
क्षेत्र में संक्रामक एवं संचारी रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शहाबगंज में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को बरसात के मौसम में फैलने वाले रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एल.वी. शर्मा ने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस तथा एईएस समेत अन्य संचारी रोगों के फैलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को अपने घरों और आसपास जलभराव नहीं होने देना चाहिए तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार या अन्य लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच एवं उपचार कराना चाहिए।

उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से स्वास्थ्य विभाग की टीमें, आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगे। इस दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, मच्छरों की रोकथाम, साफ पेयजल के उपयोग तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रतीक पाण्डेय, नीलेश मालवीय, डॉ. रजनीश कुमार सिंह, डॉ. कान्ती त्रिपाठी, श्रवण कुमार, महिपाल, मुकेश, हरिव्दार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।




