विधायक बोले- प्रकृति और मां के प्रति सम्मान का प्रतीक है पौधरोपण, हर व्यक्ति निभाए संरक्षण की जिम्मेदारी
इलिया, चंदौली। वन महोत्सव के तहत गुरुवार को रसिया वन क्षेत्र के शेरपुर मौजा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने पौधा लगाकर किया। अभियान के दौरान वन विभाग की ओर से बड़ी संख्या में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि जून माह में वन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर शेरपुर मौजा स्थित जंगल की भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को हटाया था। विभाग ने दर्जनों वनवासियों एवं अन्य कब्जेदारों को वन भूमि से बेदखल कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। अब उसी खाली कराई गई भूमि को फिर से हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। विभाग का मानना है कि इस पहल से वन क्षेत्र का विस्तार होगा, जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते भूजल स्तर जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखें।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वन क्षेत्र बढ़ाने, जल स्रोतों के संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण की स्थिति में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
रेंजर अश्वनी चतुर्वेदी ने बताया कि वन महोत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर हजारों पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखरेख की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि पौधरोपण अभियान सफल हो सके।
इस अवसर पर रेंजर अश्वनी चतुर्वेदी, आनंद दूबे, रिंकू विश्वकर्मा, यशवंत सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।




