छात्रों के भविष्य का हवाला देकर कार्रवाई पर रोक की मांग, संघर्ष तेज करने की चेतावनी
चंदौली। रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा किए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी ने रविवार को चंदौली कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपा। सपा नेताओं ने विश्वविद्यालय के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया और सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर दर्ज कराया विरोध
सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव के नेतृत्व में सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई शिक्षा संस्थानों की स्वायत्तता के खिलाफ है। नेताओं ने सरकार से इस मामले में निष्पक्ष और संवेदनशील रुख अपनाने की मांग की।
कार्रवाई को बताया राजनीतिक दुर्भावना का परिणाम
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के खिलाफ उठाए जा रहे कदम राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं। उनका कहना था कि सरकार पूर्व मंत्री आजम खान को निशाना बनाने के उद्देश्य से संस्थान को विवादों में घसीट रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाना चाहिए।
हजारों विद्यार्थियों के भविष्य पर जताई चिंता
ज्ञापन में कहा गया कि मोहम्मद अली जोहर विश्वविद्यालय में करीब 30 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। यदि संस्थान के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो हजारों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। सपा नेताओं ने कहा कि सरकार को किसी भी निर्णय से पहले छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
राज्यपाल से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर विश्वविद्यालय और वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी निर्णय पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
सपा नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार ने विश्वविद्यालय के खिलाफ कार्रवाई वापस नहीं ली तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा और छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान सत्यनारायण राजभर, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष जमील अहमद, सुदामा यादव, औसाफ अहमद गुड्डू, परवेज अहमद जोखू,आनंद प्रताप सिंह, गुलशेर अरसद सिद्दीकी,रमेश यादव, मुसाफिर सिंह चौहान,, चंद्रशेखर यादव, चकरू यादव, महेंद्र राव,संजय सोनकर, अंकित यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




