राजस्व व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया
इलिया, चंदौली। शासन के निर्देश पर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत बुधवार को इलिया थाना क्षेत्र के मौजा इलिया के आराजी नंबर 518 में स्थित अमृत सरोवर की भूमि पर बड़ी कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्री वाल, पिलर तथा अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जानकारी के अनुसार अमृत सरोवर की भूमि पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई थी। बुधवार को नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी के नेतृत्व में राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध कब्जे को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरे अभियान के दौरान शांति व्यवस्था बनी रही।
अधिकारियों ने बताया कि अमृत सरोवर सहित अन्य सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और प्रशासनिक कार्रवाई को देखते रहे। कार्रवाई पूरी होने के बाद राजस्व विभाग ने भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान थानाध्यक्ष चंदन राय, सहित भारी संख्या में पुलिस व राजस्वकर्मी मौजूद थे।




