इलिया क्षेत्र में खेत में काम करने के दौरान हुआ हादसा, जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में चल रहा इलाज; सभी की हालत सामान्य
इलिया (चंदौली)। धान की रोपाई के दौरान मंगलवार को खोजापुर रामशाला गांव में अचानक आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे किसान सभा के जिला नेता कामरेड भुगूनाथ विश्वकर्मा समेत चार लोग झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
हादसा होते ही खेत में मौजूद लोगों और आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बिना देर किए सभी घायलों को खेत से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद किसान सभा के जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट, शंभूनाथ यादव तथा गांव के सीआईटीयू साथी रामबिलास विश्वकर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है। शासन स्तर पर भी मामले की जानकारी पहुंचाई गई है। घटना के बाद क्षेत्र में आकाशीय बिजली को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों ने बारिश और गरज-चमक के दौरान खेतों में काम करने वाले किसानों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।




