देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र
शहाबगंज चंदौली। शहाबगंज ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए ब्लॉक कर्मचारियों की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा को ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले ब्लॉक कर्मचारियों ने लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा ब्लॉक मुख्यालय से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए सेमरा तिराहा तक पहुंची। यात्रा में शामिल कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भारत माता के जयकारे और देशभक्ति के नारे लगाए। तिरंगे के साथ निकली यात्रा को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ भी जुटी रही।
ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से लोगों में देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

यात्रा के दौरान ब्लॉक प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं। कर्मचारियों ने अनुशासन के साथ यात्रा में भाग लिया और लोगों को देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत अरविंद सिंह, राजेंद्र भारती, साहब सिंह सहित ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




