लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए थाना कंदवा का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, मेस और सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने थाने में रखे जनसुनवाई रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ सुनकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
एसपी ने लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा वांछित और वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
सीसीटीएनएस कक्ष के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन प्रविष्टियों और डाटा एंट्री को समय से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। वहीं अभियोगों से संबंधित माल और सीज वाहनों के व्यवस्थित रखरखाव तथा न्यायालय के आदेश के अनुसार नियमानुसार उनके विधिक निस्तारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैरक और मेस की व्यवस्था भी परखी

पुलिसकर्मियों के रहने के लिए बैरक तथा भोजन व्यवस्था के लिए मेस का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मूलभूत सुविधाओं और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग बढ़ाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। आगामी पर्वों को देखते हुए थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यक पुलिस बल की ड्यूटी लगाने को कहा। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने, महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा थाने आने वाले आमजन के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
ग्राम चौकीदारों से संवाद, अंग वस्त्र वितरित

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र के ग्राम चौकीदारों के साथ बैठक की। उन्होंने गांवों में होने वाली छोटी से छोटी घटना और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम चौकीदारों को अंग वस्त्र भी वितरित किए गए।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी।




