सैयदराजा में पुलिस की कार्रवाई, पैर में गोली लगने के बाद जिला अस्पताल भेजा गया घायल,
चंदौली।
वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। संयुक्त टीम ने सैयदराजा थाने में दर्ज हत्या व डकैती के मामले में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के तिनधुआं गांव में हत्या सहित डकैती की घटना हुई थी। मामले में कुल सात अभियुक्त शामिल थे, जिनमें पांच की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है, जबकि दो आरोपी वांछित थे। इनमें बिहार के कैमूर जिले के सतोपती गांव निवासी राजू मुसहर भी शामिल था।
पुलिस टीम बुधवार को समइया पट्टीदारी के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सर्विलांस के जरिए सूचना मिली कि राजू मुसहर चंदौली आने वाला है और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पट्टीदारी-सवैया महलवार मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
पुलिस का दावा है कि आरोपित को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपित को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक मिसफायर कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी मिली है। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी की है या आरोपी की अपनी, इसकी जांच की जा रही है।
आरोपित के खिलाफ कई मुकदमे है दर्ज
पुलिस के अनुसार राजू मुसहर के खिलाफ सैयदराजा, कंदवा, पड़री, लालपुर/पांडेयपुर और बबुरी थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, धोखाधड़ी समेत गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ सैयदराजा थाने में विधिक कार्रवाई जारी है

गिरफ्तारी मे मौजूद पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना सैयदराजा के थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा, हेड कांस्टेबल विरेश कुमार, कांस्टेबल बृजेश कुमार और शंकर राम के अलावा स्वाट/सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक अतुल प्रजापति सहित हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, सतीश पटेल, आशुतोष सिंह, प्रेम प्रकाश यादव तथा कांस्टेबल नीरज कुमार मिश्रा, अजीत कुमार सिंह, अमित सिंह, महेश यादव और मनोज यादव शामिल रहे।




