दो वर्षीय मासूम से कथित दरिंदगी पर फूटा आक्रोश
चक्का जाम के बाद पुलिस ने संभाली स्थिति
चंदौली एक्सप्रेस
चकिया (चंदौली)
चकिया कोतवाली क्षेत्र के चकिया कस्बे में लगभग दो वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दरिंदगी का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी होते ही परिजन बच्ची को लेकर तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
आरोप है कि घटना के बाद ग्रामीणों ने मोहन (40) नामक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए चकिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले को लेकर कस्बे में लोगों में काफी आक्रोश दिखाई दिया।
घटना के विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकान बंद कर व्यापारियों ने गांधी पार्क के पास चक्का जाम कर दिया। लोग जिला प्रशासन व स्थानीय प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। जाम की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने लोगों से बातचीत कर मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और जाम समाप्त करने की अपील की।

थानाध्यक्ष के समझाने और आश्वासन के बाद कुछ ही देर में लोगों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। इस दौरान व्यापारियों और उपस्थित लोगों ने थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के समर्थन में ‘थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए।
जाम के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी दौरान रास्ते से गुजर रही एक महिला जाम में फंसने के बाद अचानक गश खाकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल महिला को उठाकर सरकारी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में न लेने और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं मासूम को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजे जाने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। लोगों में घटना को लेकर नाराजगी थी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के हस्तक्षेप के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। इस दौरान पुलिस के समर्थन में नारेबाजी भी हुई।
पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों की पिटाई से घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं बच्ची का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




