बीएसए ने दिए वेतन रोकने के आदेश
चंदौली एक्सप्रेस ,चंदौली। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षा व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने गुरुवार को विकासखंड नियामताबाद के कंपोजिट विद्यालय हिनौली का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 8:45 बजे अचानक पहुंचे बीएसए को देखकर विद्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक बिना पूर्व सूचना और स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले। बीएसए ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों का निरीक्षण तिथि का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका की जांच की। चार शिक्षकों के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पूछे सवाल
औचक निरीक्षण के दौरान बीएसए केवल प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जांच तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया। बच्चों को पढ़ाया और पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों की बुनियादी समझ मजबूत करने के साथ नियमित रूप से उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया जाए।
बीएसए ने विद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और छात्र उपस्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों और उनके उपयोग की स्थिति की जानकारी ली।
जिलेभर में जारी रहेगा औचक निरीक्षण
बीएसए सचिन कुमार ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता और शिक्षकों की गैर-जिम्मेदारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। शिक्षक यदि समय से विद्यालय नहीं पहुंचेंगे तो इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अनुपस्थित मिले चारों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले के अन्य परिषदीय विद्यालयों में भी औचक निरीक्षण का अभियान जारी रहेगा। लापरवाही मिलने पर वेतन रोकने से लेकर अन्य प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।




