प्रशासन से हर संभव मदद का दिलाया भरोसा
शहाबगंज।
किड़िहिरा गांव में संकरे पक्के कुएं में समरसेबल निकालने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने की घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
पूर्व विधायक ने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

उन्होंने शोकाकुल परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद पूर्व विधायक चंदौली स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाए। साथ ही हादसे में घायल शमसेर और मेराज के बेहतर से बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनका समुचित उपचार हो सके।
पूर्व विधायक ने कहा कि संकरे और गहरे कुओं में जहरीली गैस की मौजूदगी का खतरा बना रहता है। ऐसे में प्रशासन को इस तरह के हादसों को रोकने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने के लिए वह प्रशासन से लगातार संपर्क में रहेंगे।





