प्राथमिक विद्यालय तक रास्ता निर्माण और क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत की मांग
प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की गुहार
चंदौली एक्सप्रेस शहाबगंज (चंदौली) डूमरी गांव के शहीद गेट के पास ग्रामीणों ने सोमवार को लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाला रास्ता बदहाल है। बरसात के दिनों में मार्ग पर पानी भर जाने से स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने विद्यालय तक आने-जाने के लिए रास्ते का निर्माण कराने की मांग की है।
इसके साथ ही गांव में पूर्व में बनाई गई नाली वर्तमान में टूट-फूटकर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। नाली की उचित निकासी नहीं होने से गंदा पानी दलित बस्ती के घरों में घुस रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव और गंदगी के चलते बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने क्षतिग्रस्त नाली का तत्काल पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है। इन मांगों को लेकर ग्राम संघर्ष समिति के नेतृत्व में ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजने और समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
इस दौरान नंदलाल, रिंकू भारती, शिव शंकर हिरावती, अमित,शीला,विजय लक्ष्मीना,सहित महिलाएं व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




