पोषण और स्वास्थ्य के प्रति महिलाओं को किया गया जागरूक
शहाबगंज (चंदौली)। बाल विकास परियोजना शहाबगंज की ओर से राष्ट्रीय पोषण माह के तहत सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान चार गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म कराकर उन्हें गर्भावस्था में विशेष सावधानी बरतने तथा पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के खानपान का सीधा असर गर्भस्थ शिशु के विकास पर पड़ता है। इसलिए महिलाओं को भोजन में हरी सब्जियां, दाल, दूध, मौसमी फल, अनाज सहित पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाओं का सेवन करने पर भी जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को बच्चों के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण की महत्ता बताई। छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देने तथा इसके बाद उम्र के अनुसार ऊपरी आहार शुरू करने की जानकारी दी गई। बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए वजन की नियमित निगरानी, समय से टीकाकरण और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय पोषण माह से संबंधित विभिन्न जागरूकता पोस्टर एवं प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इनके माध्यम से संतुलित आहार, स्वच्छता, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण और कुपोषण से बचाव के संदेश दिए गए। महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान सीडीपीओ आनंद सिंह, प्रभावती, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी गुप्ता, साहब सिंह , राजेश सिंह सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, चिकित्सक और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। चिकित्सकों ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और समय-समय पर स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी।




