सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खोल महिला को सुरक्षित बचाया, दोनों पुलिसकर्मी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित
सैयदराजा (चंदौली)। पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला की समय रहते जान बचाने वाले यूपी-112 के पीआरवी कर्मियों को पुलिस विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिसकर्मियों की सूझबूझ, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच सकी।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला ने यूपी-112 की पीआरवी-7411 पर तैनात उपनिरीक्षक ओमप्रकाश राम और होमगार्ड चालक मुरलीश्याम तिवारी को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह सम्मान मानव जीवन बचाने में किए गए उत्कृष्ट प्रयास के लिए प्रदान किया गया।
18 सितंबर 2026 को सुबह 7:26 बजे थाना सैयदराजा क्षेत्र के अंतर्गत यूपी-112 के माध्यम से इवेंट संख्या 02823 पर सूचना मिली कि पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला आत्महत्या का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही पीआरवी-7411 पर तैनात उपनिरीक्षक ओमप्रकाश राम और होमगार्ड चालक मुरलीश्याम तिवारी बिना समय गंवाए तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
मौके पर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों को पता चला कि पति से विवाद के बाद महिला क्षुब्ध होकर खुद को कमरे में बंद कर चुकी थी और फांसी लगाने का प्रयास कर रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए तत्काल कमरे का दरवाजा खोला और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते पुलिस की कार्रवाई होने से महिला की जान बच गई।
संकट की इस स्थिति में पुलिसकर्मियों द्वारा लिया गया त्वरित निर्णय और मानवीय दृष्टिकोण पुलिस सेवा के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस घटना में दोनों कर्मियों ने अपनी व्यावसायिक दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक अनमोल जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला ने दोनों पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्य की सराहना की। वहीं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी दोनों कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया, संवेदनशीलता एवं उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल एवं कर्तव्यनिष्ठ भविष्य की कामना की।




