शौच के लिए घर से निकला था बाबी, तार की चपेट में आने से मौके पर गई जान; परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप
चकिया (चंदौली)। चकिया कोतवाली क्षेत्र के कौड़ीहार खास गांव में बुधवार की देर रात ट्रांसफार्मर के पास करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के डिग्घी गांव निवासी रामदुलारे का पुत्र बौबी कुमार (20) पिछले कुछ समय से अपने मामा पवन के घर कौड़ीहार खास गांव में रह रहा था। बुधवार की देर रात वह शौच के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान गांव में लगे ट्रांसफार्मर के समीप पहुंचने पर वह उसके सपोर्टिंग तार के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि सपोर्टिंग तार में अर्थिंग के कारण करंट उतर आया था। तार की चपेट में आते ही बाबी गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के सपोर्टिंग तार में करंट उतरने की स्थिति के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण युवक की जान चली गई। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और गांव में लगे ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत तारों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।




