संगठन में अपेक्षित संवाद और जानकारी नहीं मिलने से आहत होने की कही बात, उपजा पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर किया स्वागत
चकिया, चंदौली। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) को छोड़कर पत्रकार सद्दाम खान ने गुरुवार को चकिया स्थित कार्यालय में उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) की सदस्यता ग्रहण की। उपजा तहसील अध्यक्ष वैभव मिश्रा की अगुवाई में संगठन के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने अंगवस्त्र पहनाकर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
सद्दाम खान ने कहा कि वह ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन में महामंत्री पद की जिम्मेदारी पर रहते हुए संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। हालांकि, लंबे समय से संगठन से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों और निर्णयों की अपेक्षित जानकारी उन्हें नहीं मिल पा रही थी। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियां सीमित लोगों तक सिमटने से उन्हें असहजता महसूस हो रही थी। काफी समय से वह इस स्थिति से आहत थे। इसी कारण उन्होंने ग्रापए छोड़कर उपजा की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया।
वरिष्ठ पत्रकार शीतला प्रसाद ने कहा कि उपजा पत्रकारों के हितों और उनके सम्मान के लिए लगातार कार्य करने वाला संगठन है। संगठन में प्रत्येक पत्रकार की बात को महत्व दिया जाएगा और सभी साथियों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा। पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के साथ उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन हमेशा तत्पर रहेगा। उन्होंने सद्दाम खान का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा।
उपजा तहसील अध्यक्ष वैभव मिश्रा ने कहा कि संगठन की मजबूती एकजुटता, आपसी संवाद और विश्वास से होती है। उपजा में सभी पत्रकारों को समान सम्मान और अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। पत्रकारों के हित से जुड़े मुद्दों पर संगठन एकजुट होकर आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि खबर कवरेज के दौरान किसी पत्रकार साथी को किसी तरह की परेशानी, दबाव या समस्या का सामना करना पड़ता है तो संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। किसी भी सदस्य को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। समस्या के समाधान के लिए सभी पदाधिकारी और सदस्य मिलकर अंतिम स्तर तक संघर्ष करेंगे।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के दौरान कई बार पत्रकारों को विभिन्न परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में संगठन की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। उपजा का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक सदस्य को संगठन का सहयोग और विश्वास मिले तथा पत्रकारों के सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने सद्दाम खान का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार शीतला राय, आशुतोष मिश्रा, लोकेश पांडेय, मोहन पांडेय और ज्ञानप्रकाश द्विवेदी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने सद्दाम खान का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।




