वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया उद्घाटन, बेहतर देखभाल और प्रबंधन की होगी व्यवस्था
चंदौली एक्सप्रेस | धानापुर
धानापुर विकासखंड के सिहावल गांव में नवस्थापित 400 क्षमता वाले वृहद गो संरक्षण केंद्र का सोमवार को वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह तथा पशुधन राज्यमंत्री ने लखनऊ स्थित पशुपालन विभाग निदेशालय, बादशाहबाग के सभागार से ऑनलाइन कार्यक्रम के जरिए केंद्र का उद्घाटन किया।
यह वृहद गो संरक्षण केंद्र क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। केंद्र में एक साथ 400 गोवंशों को सुरक्षित आश्रय, चारा, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और समुचित देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों की फसलों को बेसहारा पशुओं से होने वाले नुकसान में भी कमी आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गो संरक्षण केंद्र का संचालन खंड विकास अधिकारी अथवा शासन द्वारा नामित किसी स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) या अधिकृत फर्म के माध्यम से किया जाएगा। संचालन के दौरान गोवंशों के भोजन, चिकित्सा, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पशुओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
लोकार्पण कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने सहभागिता करते हुए सरकार की इस पहल को सराहनीय बताया और कहा कि गो संरक्षण केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में बेसहारा गोवंशों की समस्या के समाधान में काफी मदद मिलेगी। इस अवसर पर राधा संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह, विमल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




