हाइवा वाहन कब्जे में, चालक की तलाश में पुलिस की दबिश
शहाबगंज। चकिया-चंदौली मार्ग पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भदाहूं गांव निवासी युवक हलचल की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। गुरुवार को मृतक के भाई इंद्रासन की तहरीर पर स्थानीय थाने में दुर्घटना में शामिल डंफर (हाइवा) और उसके अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
बुधवार को तेज रफ्तार हाइवा वाहन की चपेट में आने से हलचल की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था तथा दुर्घटना में शामिल हाइवा वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया था।
हालांकि हादसे के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद वाहन चालक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश, भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि चकिया-चंदौली मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर और हाइवा वाहनों का संचालन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान यातायात नियमों का पालन नहीं होने से आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड एवं तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो और भी निर्दोष लोगों की जान जा सकती है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




