वीडियो मौजूद, फिर भी शिकायतकर्ता पर ही कार्रवाई? इलिया में उठे गंभीर सवाल
घटना: लात-जूते, ईंट से हमला और पटक-पटक कर पिटाई

इलिया (चंदौली) क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर 14 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे कथित रूप से परिवार के ही दूसरे पक्ष के लोग पहुंचे और ड्यूटी कर रहे दिव्यांग सेल्समैन विशाल कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि उन्हें लात-जूते से पीटा गया, ईंट से हमला किया गया और जमीन पर पटक-पटक कर मारा गया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसमें हाथापाई साफ देखी जा सकती है।
पूर्व में भी जबरन तेल भरने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। आरोप है कि पूर्व में भी कई बार दबंग नाजिल से जबरदस्ती डीजल/पेट्रोल अपनी गाड़ियों और डिब्बों में भरकर ले जाते रहे हैं। विरोध करने पर धमकी और दबाव बनाया जाता था।
सवाल यह उठ रहा है कि क्या इन गंभीर आरोपों की कभी जांच हुई? क्या पेट्रोल पंप से जबरन तेल भरना आपराधिक कृत्य की श्रेणी में नहीं आता?
पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की धमकी
घटना के दौरान पेट्रोल पंप से तेल छिड़क कर आग लगा देने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी धमकी पूरे इलाके की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मानी जाती है।
यह केवल व्यक्तिगत विवाद नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा मामला बनता है। अब देखना यह है कि इस पहलू को जांच में कितनी गंभीरता से लिया जाता है।

पुलिस कार्रवाई पर सवाल, पीड़ित जिला अस्पताल रेफर
सूत्रों के अनुसार घटना की सूचना स्वयं पीड़ित द्वारा दी गई थी। आरोप है कि बाद में उल्टा विशाल कुमार के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर उन्हें थाने में बैठा लिया गया। बताया जा रहा है कि गंभीर चोट लगने के कारण पीड़ित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
अब क्षेत्र में सवाल गूंज रहे हैं
क्या दोनों पक्षों की निष्पक्ष जांच होगी?
क्या सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्य सुरक्षित किए गए?
क्या पूर्व में जबरन तेल भरने और आग लगाने की धमकी के आरोप भी केस का हिस्सा बनाए जाएंगे?
स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।

