लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी से व्यवस्था रही नियंत्रित

चकिया । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को जागेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास की सड़कों पर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। अनुमान के मुताबिक लाखों श्रद्धालुओं ने दिनभर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक व पूजन-अर्चन किया।

भारी भीड़ के चलते क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस प्रशासन लगातार भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा रहा।

थानाध्यक्ष अर्जून सिंह की अगुवाई में संभाली कमान
चकिया थानाध्यक्ष अर्जून सिंह स्वयं दल-बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम दर्शन कराने के लिए विशेष इंतजाम किए। पुलिसकर्मियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया।
प्रशासन की सतर्कता के चलते किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन-पूजन किया। देर शाम तक मंदिर में आस्था का सिलसिला जारी रहा।




