अलीनगर में शराब तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक से लाखों की अवैध शराब बरामद
चंदौली। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम सोमवार को वाराणसी-चंदौली मार्ग पर वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पचफेडवा बाजार स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देख चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि वाहन में मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंतू दीक्षित (21) पुत्र रामबदन दीक्षित निवासी अकोढ़ी, थाना बेलाव, जनपद कैमूर (बिहार) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 1400 रुपये नगद भी बरामद किए गए।

पुलिस ने जब ट्रक संख्या UP65 HT 4242 की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक से ढककर छिपाई गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। बरामदगी में 20 पेटी 8 PM 900 टेट्रा पैक (प्रत्येक 180 एमएल) और 125 पेटी ब्लूलाइम 6000 टेट्रा पैक (प्रत्येक 200 एमएल) शामिल हैं। कुल 145 पेटियों में 1362 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। शराब की बोतलों पर “For Sale in Uttar Pradesh Only” अंकित था, जिसे बिहार में अवैध रूप से बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह ट्रक चालक के साथ मिलकर वाराणसी से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता है, क्योंकि वहां शराबबंदी लागू है। उसने यह भी बताया कि शराब किसकी है और किसे पहुंचानी है, इसकी जानकारी ट्रक चालक को ही होती है। मुनाफे में उसे भी हिस्सा मिलता था।
इस संबंध में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 273/2026 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक धुरन्धर प्रसाद, कांस्टेबल आशीष कुमार यादव, कांस्टेबल अंकित सिंह और कांस्टेबल राज मोहम्मद शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




