बेहतर पुलिसिंग पर टीम को ₹25 हजार का नगद इनाम, एसपी ने किया सम्मानित
चंदौली:
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की गई है। हिस्ट्रीशीटर को शरण देने वाले उसके परिजनों के विरुद्ध थाना सकलडीहा पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। इन पर अपराधी को शरण देने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा लोकसेवक पर हमले से संबंधित सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। वांछित हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। यह पुरस्कार स्वाट एवं सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयासों के लिए दिया गया है, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई कर अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
साथ ही फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर के भाई भोला पुत्र ओम प्रकाश की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस टीम के जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया है, उनमें निरीक्षक राम जनम यादव (प्रभारी एसओजी), उपनिरीक्षक अतुल प्रजापति, उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा (प्रभारी सर्विलांस सेल) प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अतिरिक्त हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, आनंद सिंह, प्रेमप्रकाश यादव, मंटू सिंह तथा कांस्टेबल अजीत सिंह, नीरज कुमार मिश्रा, मनीष कुमार, मनोज कुमार, गणेश और संदीप कुमार को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अपने संदेश में स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि साहसिक एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अपराधियों को शरण देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि चंदौली पुलिस अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सख्ती बरती जा रही है।




