बोले- चंदौली धान का कटोरा, किसानों के हक की लड़ाई और मजबूती से लड़ेंगे
चंदौली।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने चंदौली के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पूर्व पीसीसी सदस्य, रॉबर्ट्सगंज लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी, चकिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं सोनभद्र के जिला समन्वयक डॉ. राम अधार जोसेफ को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उत्तर प्रदेश पूर्वी जोन का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति की घोषणा होते ही चंदौली सहित पूर्वांचल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे किसानों की आवाज को मजबूत करने वाला फैसला बताते हुए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि डॉ. राम अधार जोसेफ लंबे समय से किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों की लड़ाई को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। संगठन में उनके लंबे अनुभव, जमीनी पकड़ और संघर्षशील छवि का लाभ अब पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों को मिलेगा। उनका मानना है कि उनके नेतृत्व में किसान कांग्रेस गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने के साथ किसानों की आवाज को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएगी।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा तथा संगठन प्रभारी अखिलेश शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए करेंगे संघर्ष
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम अधार जोसेफ ने कहा कि चंदौली प्रदेश का धान का कटोरा है और यहां की अर्थव्यवस्था किसानों पर आधारित है। किसानों की आय बढ़ाने, फसलों का उचित मूल्य दिलाने, सिंचाई, खाद-बीज, बिजली और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए किसान कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन किसानों की हर समस्या को मजबूती के साथ उठाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज बुलंद करेगा।
डॉ. राम अधार जोसेफ ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उनकी नियुक्ति पर चंदौली जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों और समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।




