गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की लगाई गुहार
चन्दौली एक्सप्रेस | शहाबगंज।
रविवार की शाम से हो रही लगातार बारिश के चलते शहाबगंज विकासखंड के बरांव गांव में देर रात राम कुंवर साव का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के धराशायी होने से उसमें रखा गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और जरूरी सामान की व्यवस्था करने का संकट खड़ा हो गया है।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें पूरी तरह कमजोर हो गई थीं। देर रात अचानक मकान भरभराकर धराशायी हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य मकान के अंदर नहीं थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मकान गिरने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में परिवार की मदद की। हादसे में घर में रखा घरेलू सामान, बर्तन, कपड़े सहित अन्य जरूरी सामान मलबे में दबकर खराब हो गया।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। वहीं ग्रामीणों ने लगातार बारिश को देखते हुए गांव में जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।




