माइनर की सफाई की मांग किसान विकास मंच ने किया प्रदर्शन
शहाबगंज (चंदौली) विकासखंड क्षेत्र के घोड़सारी गांव में किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने बाढ़ निवारण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच जलभराव व फसल बर्बादी को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने क्षेत्र के दौरे के दौरान घोड़सारी गांव में हुए भीषण जलभराव और बर्बाद फसलों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लेहरा शाख नहर से हड़ौरा गांव के उत्तर दिशा से निकली घोड़सारी माइनर पूरब की ओर होते हुए पचपरा तक जाती है। वर्तमान में माइनर घास-फूस, पेड़-पौधों और गंदगी से पूरी तरह पट गई है, जिसके कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है।
कार्यकर्ता उमाशंकर दूबे ने आरोप लगाया कि करीब ढाई सौ मीटर के दायरे में माइनर पर लोगों द्वारा मनमाने ढंग से सिंगल ह्यूम पाइप की पुलिया बना दी गई है। इससे बाढ़ के पानी की निकासी में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने पुलिया को हटाकर डबल ह्यूम पाइप लगाने की मांग की।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि बाढ़ निकासी के लिए माइनर ही एकमात्र प्रमुख साधन है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग से सिंगल ह्यूम पाइप को तत्काल हटाकर डबल ह्यूम पाइप लगाने तथा सिंचाई विभाग से जेसीबी लगाकर माइनर की सफाई कराने की मांग की। उन्होंने उपजिलाधिकारी चकिया, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार और एसडीओ बृजेश तिवारी से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की।
उन्होंने चेताया कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसानों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो सकता है। किसान विकास मंच ने मामले की सूचना इंटेलिजेंस ब्यूरो और एलआईयू को भी दी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिछले वर्ष जैसी फसल बर्बादी दोबारा नहीं देखना चाहते।
प्रदर्शन में उमाशंकर दूबे, राम अवध सिंह, अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ बंटी, प्रेम शंकर दुबे, घनश्याम बिन्द, अखिलेश तिवारी, अमलेश सिंह, सुदर्शन राम, राम ललित तिवारी, परमेश्वर दूबे, विकास दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




