“खबर के बाद बढ़ी हलचल, मनरेगा पोर्टल पर मंगलवार को नहीं दिखी एक भी हाजिरी”
शहाबगंज। मनरेगा में एनएमएमएस (NMMS) ऐप के नाम पर चल रहे कथित खेल और हाजिरी व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार को मनरेगा के आधिकारिक पोर्टल पर नौगढ़, चंदौली , चकिया,बरहनी मे ही एनएमएमएस पोर्टल पर मजदूरों की उपस्थिति दिखाई दे रही है। जब कई ब्लॉकों में आज होटल पर शून्य दिख रहा है।शहाबगंज ब्लॉक की स्थिति देखने पर एक भी कार्यस्थल की उपस्थिति अपडेट नहीं मिली। पोर्टल पर कार्यों की संख्या, मस्टर रोल और मानव दिवस सृजन सभी शून्य दर्ज दिखे।
क्षेत्र में पिछले दिनों एनएमएमएस ऐप के जरिए हाजिरी दर्ज कराने में हो रही दिक्कतों तथा कथित फर्जीवाड़े को लेकर सवाल उठाए गए थे। खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग में हलचल बढ़ गई है। पोर्टल पर शून्य आंकड़े दिखाई देने से यह चर्चा तेज हो गई है कि हाजिरी प्रक्रिया की गहन जांच और सत्यापन किया जा रहा है।
ग्रामीणों और मनरेगा से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि वास्तव में काम चल रहा है तो पोर्टल पर उपस्थिति और कार्यों का विवरण दिखाई देना चाहिए था। वहीं शून्य आंकड़े सामने आने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का मानना है कि खबर के बाद विभाग सतर्क हुआ है और अब हाजिरी से जुड़े मामलों की पड़ताल की जा रही है।
हालांकि विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पोर्टल पर दिखाई दे रही स्थिति से इतना जरूर स्पष्ट है कि खबर का असर जमीनी स्तर पर नजर आने लगा है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और एनएमएमएस व्यवस्था में व्याप्त खामियों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।




