चकिया क्षेत्र हाजीपुर प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान हंगामा, जान से मारने व फर्जी केस में फंसाने की धमकी
चकिया (चंदौली): क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर में निरीक्षण के दौरान अभद्रता और धमकी का मामला सामने आया है। एआरपी ने कोतवाली चकिया में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। तहरीर के अनुसार, एआरपी अजय कुशवाहा ने बताया कि वह 21 अप्रैल 2026 की सुबह प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर में निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। विद्यालय में शिक्षण कार्य चल रहा था और बच्चे उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान सभी बच्चे एक कक्षा में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे।

इसी दौरान विद्यालय के सहायक अध्यापक अजय गुप्ता वहां पहुंचे और एआरपी को देखकर आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उन्होंने एआरपी के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया और मारपीट पर उतारू हो गए। इतना ही नहीं, उन्होंने धमकी दी कि यदि दोबारा निरीक्षण करने आए तो जान से मार देंगे और महिला स्टाफ के जरिए फर्जी मुकदमे में फंसा देंगे।
घटना के बाद एआरपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली चकिया में तहरीर देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करती हैं और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करती हैं।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।



