यक्ष ऐप पर डेटा अपडेट करने और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के दिए निर्देश
चंदौली एक्सप्रेस
चकिया चंदौली।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने शुक्रवार को थाना चकिया का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था, अभिलेखों और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। एसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में भी सक्रियता दिखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, मेस, हवालात और शौचालय की साफ-सफाई देखी। परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली को बेहतर रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने थाना कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। अपराध रजिस्टर, कार्यालय रजिस्टर, फ्लाई शीट, रोजनामचा, त्योहार रजिस्टर और हिस्ट्रीशीट समेत अन्य अभिलेखों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट करने और व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। मालखाने में रखे मुकदमाती सामान का भी निरीक्षण किया गया। लंबित मामलों से संबंधित संपत्ति के निस्तारण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
शस्त्रागार पहुंचकर एसपी ने हथियारों और दंगा नियंत्रण उपकरणों की स्थिति तथा रखरखाव की जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हथियारों की नियमित सफाई और उनके सुरक्षित संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महिला शिकायतों के निस्तारण और जनसुनवाई पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मिशन शक्ति केंद्र का भी जायजा लिया। महिला पुलिसकर्मियों से महिला शिकायतकर्ताओं की ओर से प्राप्त प्रार्थना पत्रों, उन पर हुई कार्रवाई और शिकायतकर्ताओं से लिए गए फीडबैक की जानकारी ली। उन्होंने महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना आने वाले फरियादियों और पीड़ितों की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित किया। एसपी ने थाना प्रभारी और पुलिस बल को क्षेत्र में नियमित पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सतर्क नजर रखने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर यातायात नियमों का पालन कराने पर भी जोर दिया गया।
यक्ष ऐप से होगी डिजिटल बीट पुलिसिंग की निगरानी
एसपी ने आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था के तहत यक्ष ऐप के संचालन और डेटा फीडिंग की भी समीक्षा की। बीट पुलिस अधिकारियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों, त्योहारों और संवेदनशील स्थलों से संबंधित जानकारी की मैपिंग और निगरानी की स्थिति देखी गई। बीट पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, किरायेदारों, नए आगंतुकों और अपराधियों का अद्यतन विवरण यक्ष ऐप पर नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन की सुरक्षा, जनसेवा और अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




