छात्राओं से जबरन पैर दबवाने का आरोप, कस्तूरबा विद्यालय में हंगामा
नौगढ़।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्राओं ने एक शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। मामला बढ़ते ही परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा हुआ।
छात्राओं का आरोप: जबरन कराए जाते थे निजी काम
छात्राओं का आरोप है कि शिक्षिका स्नेहा उनसे रोजाना पैर दबवाने और सिर की मालिश जैसे निजी काम करवाती थीं। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। इसी क्रम में कक्षा 10 की एक छात्रा के साथ कथित रूप से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद यह विवाद तूल पकड़ गया।

परिजनों का गुस्सा फूटा, विद्यालय में किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने शिक्षिका से जवाब-तलब किया और बच्चियों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिजन विद्यालय परिसर में पहुंचकर शिक्षिका से सवाल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लोगों का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि आरोपों पर शिक्षिका की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला और वह वहां से चली गईं, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया
वार्डन ने माना मामला गंभीर
विद्यालय की वार्डन ने घटना को ‘शर्मनाक’ बताते हुए कहा कि उन्हें भी इस तरह की शिकायतें पहले से मिल रही थीं। उन्होंने मामले की जांच और उचित कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया
जनप्रतिनिधियों पर भी उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि जब बच्चियों की सुरक्षा का मुद्दा सामने आता है, तो जमीनी स्तर पर अपेक्षित हस्तक्षेप नजर नहीं आता।

भीम आर्मी की चेतावनी
भीम आर्मी ने मामले को गंभीर बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष रामचंद्र राम ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी शिक्षिका के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
फिलहाल, पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




