ऑल इंडिया किसान सभा के आह्वान पर एमएसपी गारंटी
मनरेगा बहाली और उर्वरक नीति पर उठाए सवाल

शहाबगंज चंदौली।
ऑल इंडिया किसान सभा के आह्वान पर किसान-मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ मंडल किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने ग्राम एकौना, मंडल शहाबगंज में वर्तमान बजट की पर्चियां जलाकर विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट ने किया।
बजट में किसानों-मजदूरों की उपेक्षा का आरोप
कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान बजट में न तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी दी गई है और न ही मनरेगा की बहाली की गई है। उल्टा, मनरेगा के बजट में कटौती कर मजदूरों के हक पर चोट की गई है।
उर्वरक नीति पर जताई आपत्ति
किसान सभा ने सरकार की उर्वरक नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि 45 किलो की यूरिया बोरी को 40 किलो करना किसानों के साथ अन्याय है। प्रति पैकेट वजन घटाकर किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
किसान-मजदूर हित में बजट बढ़ाने की मांग
कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि बजट पर पुनर्विचार कर किसान-मजदूरों के पक्ष में कृषि, मनरेगा और ग्रामीण रोजगार के लिए बजट में समुचित वृद्धि की जाए।
कई कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस विरोध कार्यक्रम में बदरूजा अंसारी, स्वामीनाथ, जयनाथ, नंदलाल, रामबडेलाल, पंचूराम, सत्यम यादव, लालजी यादव, सुमारू, दीनानाथ सहित बड़ी संख्या में किसान सभा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

