बीएलओ को दिए सख्त निर्देश

शहाबगंज। क्षेत्र के बड़गावां गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में बुधवार को बूथ संख्या 175 पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जारी नोटिसों को लेकर जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के लिए उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे और नोटिस प्राप्त मतदाताओं की बारी-बारी से सुनवाई की।
बताया गया कि बूथ संख्या 175 पर कुल आठ लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। उपजिलाधिकारी ने सभी नोटिसधारकों को एक-एक कर बुलाकर उनके अभिलेखों और आपत्तियों को गंभीरता से सुना। इस दौरान मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई और उनकी आपत्तियों का विधिवत निस्तारण किया गया।

इसी क्रम में उपजिलाधिकारी ने जानकारी दी कि बड़गावां गांव के ही बूथ संख्या 174 पर भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत कुल पंद्रह मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन नोटिसों की जनसुनवाई आगामी 9 फरवरी को निर्धारित की गई है। उन्होंने संबंधित मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न हो।

जनसुनवाई के दौरान कुछ मामलों में अभिलेख अधूरे पाए जाने पर उपजिलाधिकारी ने बीएलओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने बीएलओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अगली बार सभी संबंधित दस्तावेज पूर्ण रूप से तैयार कर तहसील में प्रस्तुत किए जाएं। साथ ही यह भी चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या शिथिलता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और नियमों के अनुरूप किया जा रहा है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाएगा, लेकिन प्रक्रिया के तहत आवश्यक अभिलेखों का प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य है।
इस मौके पर राजस्वकर्मी राजेश कुमार भारती, ग्राम सचिव अजय कुमार राज, बीएलओ गुलाम अहमद, संजय कुमार, शिक्षक अब्दुल समद सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




