86.71% अंकों के साथ जनपद ने बनाई नई पहचान, 52 लाख से अधिक रकम कराई सुरक्षित

चंदौली । साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के मामले में जनपद चंदौली ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। चंदौली पुलिस ने 86.71% अंकों के साथ प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जो उनकी तकनीकी दक्षता, सतर्कता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
आदित्य लांग्हे के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) के पर्यवेक्षण में साइबर सेल ने National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता अर्जित की।
जनवरी में 333 शिकायतें, 60 लाख से अधिक की ठगी
जनवरी 2026 में जनपद में साइबर अपराध से संबंधित कुल 333 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन मामलों में कुल ₹60,11,000 की धनराशि की धोखाधड़ी सामने आई।

52 लाख से अधिक रकम समय रहते होल्ड
साइबर सेल की त्वरित तकनीकी कार्यवाही से ₹52,12,000 की राशि संबंधित बैंकों में समय रहते होल्ड कराकर सुरक्षित कराई गई। इससे बड़ी संख्या में पीड़ितों को राहत मिली और उनकी मेहनत की कमाई बचाई जा सकी।
यह उपलब्धि साइबर सेल की तकनीकी क्षमता के साथ-साथ आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।
आमजन से अपील
साइबर सेल प्रभारी मिर्ज़ा रिजवान बेग ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। त्वरित सूचना देने से धनराशि सुरक्षित होने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
जनपद चंदौली पुलिस साइबर अपराध के विरुद्ध निरंतर प्रभावी अभियान चलाकर जनता की सुरक्षा, विश्वास और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

