बुनियादी शिक्षा सुदृढ़ीकरण पर दिया गया जोर

शहाबगंज। ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में “हमारा आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने किया। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह एवं ग्राम प्रधान रामजीत साहनी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान कम्पोजिट विद्यालय उदयपुरा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत तथा “राम आएंगे आएंगे” जैसी मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो उठा।
निपुण भारत मिशन की उपलब्धियों पर प्रकाश
खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, विशेष रूप से निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों एवं प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को सुदृढ़ करना ही मिशन का मुख्य लक्ष्य है, जिससे बच्चे आगे की कक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

मेधावी छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी किट देकर सम्मानित
समारोह में विकासखंड के प्रत्येक न्याय पंचायत से आंगनबाड़ी, बाल वाटिका तथा कक्षा एक और दो से चयनित पांच-पांच मेधावी छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
“बुनियादी शिक्षा सुदृढ़ होगी तो निखरेगा भविष्य” — दिनेश सिंह
मुख्य अतिथि दिनेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “जब तक आंगनबाड़ी और प्राथमिक स्तर की शिक्षा मजबूत नहीं होगी, तब तक बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित नहीं किया जा सकता। बुनियादी शिक्षा सुदृढ़ होगी तो ही भविष्य निखरेगा।”
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा आंगनबाड़ी एवं प्राथमिक शिक्षा को मजबूत आधार देना है, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि जब विद्यालय, अभिभावक और प्रशासन मिलकर प्रयास करते हैं, तब शिक्षा की गुणवत्ता में निश्चित रूप से सुधार आता है।

शिक्षकों एवं कार्यकर्त्रियों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में गीता गुप्ता, आशा श्रीवास्तव, सरिता देवी, विमला कुमारी, आदर्श कुमार, विनीत श्रीवास्तव, अनुज कुमार, दिनेश कुमार, रामविलास, शमद अली, विजई प्रसाद, केशरी नंदन जायसवाल, देवव्रत, कल्लू प्रसाद, खुशी, संजय सिंह, राहुल मौर्य सहित अनेक अध्यापक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन विवेकानंद त्रिपाठी ने किया।




