समाधान दिवस में चार भूमि प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई

शहाबगंज। थाना परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों एवं अन्य समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया।
उपजिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता में शामिल है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा राजस्व व पुलिस विभाग के समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि ही प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम विवादित मामलों में मौके पर पहुंचकर जांच करेगी, जिससे त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
समाधान दिवस में कुल चार भूमि संबंधी प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन पर उपजिलाधिकारी ने तत्काल पुलिस व राजस्व कर्मियों की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

वहीं शिवपुर मौजा निवासी भुलई सोनकर द्वारा रास्ते के विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। समाधान दिवस समाप्त होने के बाद भी मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी स्वयं शिवपुर पहुंचकर रास्ते का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पक्षों को बुलाकर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से वार्ता कर शीघ्र ही रास्ते का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, रामचंद्र शाही, प्रेम सिंह, राजस्व निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, लेखपाल धनंजय जायसवाल, मनीष गुप्ता, बजरंगबली, सुभाष सिंह, रविन्द्र कुमार एवं अश्वनी कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी व फरियादी उपस्थित रहे।




