सांस्कृतिक रंगों से सजा विद्यालय परिसर

शहाबगंज (चंदौली)। कम्पोजिट विद्यालय तियरा का वार्षिकोत्सव मंगलवार को बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

लोकगीत और देशभक्ति से सजा मंच
नन्हीं बच्चियों ने लोकप्रिय लोकगीत “कहवा गईल लरिकईया” पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके बाद छात्रों ने केशरी के लाल, चलो अयोध्या चलो, मणिकर्णिका, बम बम भोले तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे गीतों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में देशप्रेम, नारी सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत की झलक साफ दिखाई दी।

मुख्य अतिथि ने बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा निखरकर सामने आती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को ऐसे आयोजनों से अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलता है।
ग्राम प्रधान का सहयोग का आश्वासन
ग्राम प्रधान लालब्रत पासवान ने विद्यालय को गांव की शान बताते हुए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य हरिओम पांडेय सहित शिक्षकगण, अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन यादवेंद्र रावत व अजय सिंह सपना ने किया।

