3 दिन में भुगतान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल करेंगे रोजगार सेवक

शहाबगंज, चंदौली। विकास खंड शहाबगंज के ग्राम रोजगार सेवकों ने पिछले सात माह से मानदेय भुगतान न होने पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्राम रोजगार सेवक संघ संघर्ष समिति ने खंड विकास अधिकारी को पत्र सौंपकर जल्द से जल्द बकाया भुगतान कराने की मांग की है।
7 माह से मानदेय लंबित, परिवार चलाना हुआ मुश्किल
संघ द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि क्षेत्र के ग्राम रोजगार सेवकों को पिछले सात महीनों से मानदेय नहीं मिला है। लगातार कार्य करने के बावजूद भुगतान न होने से रोजगार सेवकों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है और परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। इससे रोजगार सेवकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
3 दिन में भुगतान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो सभी ग्राम रोजगार सेवक धरना-प्रदर्शन करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल जैसे कदम भी उठाए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विनीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनका मानदेय लंबित रखना अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंधित मांग पत्र 17 फरवरी को एपीओ को सौंपा है।




