“सब पढ़ें, सब बढ़ें” नारों से गूंजा गांव, बच्चों ने जगाई शिक्षा की अलख,
शहाबगंज। कम्पोजिट विद्यालय ठेकहा में सोमवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य गांव के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना तथा अभिभावकों को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करना रहा। रैली को संकुल प्रभारी हरी ओम पाण्डेय एवं ग्राम प्रधान सजाउद्दीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गाजा-बाजा के साथ निकली रैली पूरे गांव में भ्रमण करते हुए शिक्षा के महत्व का संदेश देती रही।
रैली में शामिल बच्चों ने “सब पढ़ें, सब बढ़ें” और “शिक्षा है अधिकार हमारा” जैसे नारे लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। बच्चों के उत्साह और जोश ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाया। शिक्षकों ने भी अभिभावकों से संवाद कर उन्हें बच्चों का नामांकन कराने और नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। यदि हर बच्चा स्कूल जाएगा तो समाज और देश का विकास भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की पढ़ाई में रुचि लें और उन्हें विद्यालय भेजने में सहयोग करें।
रैली गांव का भ्रमण करने के बाद पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अच्युतानंद त्रिपाठी, अजय सिंह, यादवेन्द्र रावत, आशिष कुमार, अनिल कुमार, अनुपमा शर्मा, जितेन्द्र बहादुर, वसीम परवेज, कृष्णा यादव, सौरभ कुमार, प्रियंम्बदा पाण्डेय, आकाश तथा एसएमसी अध्यक्ष अनिल गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।




